
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित तिरंगा तिराहे के पास गुरुवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, नरौली तिरंगा चौराहा के पास स्थित ग्रिल टू चिल रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लग गई। रेस्टोरेंट से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई और लपटें इमारत से बाहर निकलने लगीं।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी देर तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, सिधारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, रूट डायवर्ट कराया और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में सहयोग किया।
आग लगने की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की इमारतों में आग फैलने से रोक लिया गया। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

