15 से 17 जून तक विकासखण्डवार शिविर का आयोजन
सेवानिवृत्त कर्मचारियों, विद्यार्थियों, आमजनों को मिलेगा त्वरित समाधान

बलरामपुर, 14 जून 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला शिक्षाधिकारी के मार्गदर्शन में विकासखण्ड स्तर पर विभागीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जा है। शिविर में जिले के आम नागरिकों, शिक्षकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, पालकों एवं विद्यार्थियों से प्राप्त होने वाली विभागीय समस्याओं एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
विकासखण्ड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजन के लिए तिथि निर्धारित की गई है। जिसके अंतर्गत विकासखण्ड राजपुर एवं शंकरगढ़ में 15 जून 2026 को संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार विकासखण्ड कुसमी एवं बलरामपुर में 16 जून तथा विकासखण्ड रामचन्द्रपुर एवं वाड्रफनगर में 17 जून को संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकार कार्यालय परिसर में शिविर आयोजित किया जाएगा। जहां स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
शिविर में स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण एवं अन्य सेवा नृत्ति लाभों से संबंधित प्रकरण। सामान्य भविष्य निधि एवं अन्य वित्तीय दावों व लाभों से संबंधित समस्याएं। वेतन निर्धारण, वेतन विसंगति, एरियर्स भुगतान एवं वेतन संबंधी प्रकरण। सेवा पुस्तिका संधारण एवं सेवा अभिलेखों में त्रुटि सुधार संबंधी आवेदन। पदोन्नति, क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान एवं वरिष्ठता संबंधी प्रकरण। अवकाश स्वीकृति,
एच.आर.एम.आई.एस. पोर्टल एवं कर्मचारी प्रोफाइल संबंधी समस्याएं। अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी प्रकरण। छात्रवृत्ति, पाठ्य-पुस्तक, गणवेश, साइकिल वितरण एवं अन्य छात्र हितग्राही योजनाओं से संबंधित आवेदन। विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्ष, मरम्मत, पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन। समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों से संबंधित समस्याएं। दिव्यांग विद्यार्थियों, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तथा समावेशी शिक्षा से संबंधित आवेदन। विद्यार्थियों, पालकों एवं आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत अन्य स्कूल शिक्षा विभाग संबंधी शिकायत एवं आवेदन जैसे विषयो पर आवेदन देकर निराकरण पा सकते हैं।
शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर अधिकतम 15 दिवस के भीतर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जएगा। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों का गुणवतापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए है।


