योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ अधोसंरचना एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता का रखा जाए विशेष ध्यान-कमिश्नर श्री डोमन सिंह योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए रणनीति बनाकर कार्यों को दिया जाए गति- आयुक्त-सह-संचालक श्री तारणप्रकाश सिन्हा

वीबी-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जगदलपुर, 24 अगस्त 2026/ बस्तर संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह एवं वीबी-जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आयुक्त-सह-संचालक श्री तारणप्रकाश सिन्हा ने जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में बस्तर संभाग के सभी जिलों में संचालित वीबी-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों की संभाग स्तरीय समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, मानव दिवस सृजन, अधोसंरचना निर्माण एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

       बैठक में संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग शासन की विशेष प्राथमिकता वाला क्षेत्र है, संभाग के सभी जिलों में विकास कार्यों में तेजी आई है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ अधोसंरचना एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने पर जोर देते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध हो सकें।

     आयुक्त-सह-संचालक श्री तारणप्रकाश सिन्हा ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए रणनीति बनाकर कार्यों को गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से बजट की कोई कमी नहीं है। बस्तर संभाग में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बस्तर मुन्ने के तहत प्रारंभिक स्तर पर कार्य किया गया है, जिसके आधार पर वीबी-जी राम जी के अंतर्गत 318 प्रकार के कार्यों को प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्राम पंचायतवार बजट का प्रावधान किया गया है और कार्यों के लिए ग्रामसभा से अनुमोदन अनिवार्य है। बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यों सहित नदियों के कैचमेंट एरिया को बढ़ाने तथा ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने सहित बारिश के बाद अद्योसंरचना के कार्यो को तेजी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान में पौधरोपण के कार्यों को वन एवं उद्यानिकी विभाग के समन्वय से जल्द पूर्ण करने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले बालिका शौचालय, मुक्तिधाम एवं बोरवेल रिचार्ज जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता से स्वीकृत कर पूर्ण करने पर जोर दिया। श्री सिन्हा ने सभी जिलों में वीबी-जीरामजी के तहत मानव दिवस सृजन की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों में सृजित कुल मानव दिवस में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं वीबी-जी राम जी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की स्थिति, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम एवं डीफ्रेट बोरवेल रिचार्ज कार्यों की स्वीकृति, मनरेगा के अपूर्ण कार्यों की पूर्णता तथा एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में स्वीकृत एवं रोपित पौधों की जानकारी, वर्षा उपरांत श्रम मूलक कार्यों की स्वीकृति एवं मानव दिवस सृजन की कार्ययोजना, लंबित ई-केवाईसी, जारी मस्टर रोल में शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल तथा युक्तधारा में प्लान किए गए कार्यों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।

      प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-26 के कार्यों, आवास निर्माण की प्रथम किस्त के गैप, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना तथा विशेष परियोजना के तहत पुनर्वासितों को आवास योजना का लाभ देने के लिए ब्लॉकवार प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बस्तर संभाग के सभी जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस विभाग के कार्यपालन अभियंता, एपीओ मनरेगा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने किया खेल मैदान, बस स्टैण्ड व इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण

Mon Aug 24 , 2026
 खेल प्रेमियों के लिए आज से खोला गया इंडोर स्टेडियम उत्तर बस्तर कांकेर 24 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार नया बस स्टैण्ड के पास नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम को आज से खोल दिया गया है, साथ ही उसकी साफ-सफाई व खिलाड़ियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश के संबंध में […]

You May Like

advertisement