अम्बेडकर नगर:सपा का क्लीन स्वीप, दोबारा फहराया परचम

सपा का क्लीन स्वीप, दोबारा फहराया परचम

अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को मतों की गणना के बाद सभी पांच विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप किया। इससे पहले सपा ने वर्ष 2012 के चुनाव में यह उपलब्धि हासिल की थी। इससे पहले बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 1993 तथा वर्ष 2007 में हुए चुनाव में सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की थी। गहमागहमी के बीच गुरुवार को हुई मतगणना में टांडा से पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, अकबरपुर से पूर्व मंत्री रामअचल राजभर, कटेहरी से पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, जलालपुर से पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय व आलापुर से पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त को विजयी घोषित किया गया।विधानसभा चुनाव में जब एक तरफ पूरे प्रदेश में सपा का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा, तब अंबेडकरनगर जिले में समाजवादी पार्टी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांच सीट जीत लीं। मतदान से पहले व बाद यह माहौल यहां बना हुआ था कि बसपा का गढ़ माने जाने वाले इस जिले में समाजवादी पार्टी चुनाव में जोरदार प्रदर्शन करने जा रही है। बाद में लगा कि बसपा व भाजपा दोनों ने अपनी स्थिति सुधारी, लेकिन सीट कोई हासिल नहीं कर सका। गुरुवार को सुबह आठ बजे से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर व राजकीय खेल स्टेडियम में मतों की गणना का कार्य शुरू हुआ, तो सपा के अलावा भाजपा व बसपा खेमे में भी जबरदस्त उत्साह का माहौल था। कारण यह कि तीनों ही खेमे सभी पांच सीटों पर अपनी अपनी जीत के प्रति खासे आश्वस्त थे।
पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई तो कोई खास असर नहीं दिखाई पड़ा, लेकिन जब ईवीएम से गिनती शुरू हुई, तो मतगणना स्थल के अंदर से लेकर बाहर तक मौजूद समर्थकों व नागरिकों की उत्सुकता बढ़ने लगी। ज्यादातर विधानसभा सीट पर ईवीएम की गिनती में सपा प्रत्याशी लीड लेना शुरू कर दी। इसके बाद भी बसपा व भाजपा के खेमे में उत्साह बना रहा। हालांकि बाद में कटेहरी, टांडा व आलापुर में सपा प्रत्याशियों की लीड तो बढ़ने लगी, लेकिन अकबरपुर व जलालपुर में मतों का अंतर घटने लगा। हालांकि मतों की गिनती पूरी हुई, तो सपा सभी पांच सीटों पर विजयी हो चुकी थी।
संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने टांडा से सपा प्रत्याशी राममूर्ति वर्मा, अकबरपुर से पूर्व मंत्री रामअचल राजभर, कटेहरी से पूर्वमंत्री लालजी वर्मा, जलालपुर से पूर्व सांसद राकेश पांडेय व आलापुर सुरक्षित से पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त को विजयी घोषित कर दिया। इससे सपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्ष 2012 के बाद सभी पांच सीटों पर जीत का करिश्मा सपा ने अब ठीक 10 वर्ष बाद दोहराने की सफलता हासिल की है। इससे पहले वर्ष 2012 में अकबरपुर सीट पर सपा से रामममूर्ति वर्मा, कटेहरी से शंखलाल मांझी, टांडा से अजीमुलहक पहलवान, जलालपुर से शेरबहादुर सिंह तथा आलापुर में परिसीमन से पहले जहांगीरगंज के नाम से रही सीट पर भीमप्रसाद सोनकर विजयी हुए थे। उसी वर्ष हुए सामान्य चुनाव में सपा की प्रदेश में सरकार बनी थी। उस सरकार में राममूर्ति वर्मा व शंखलाल मंत्री को बतौर मंत्री शामिल होने का मौका मिला था।
बसपा दो बार कर चुकी है क्लीन स्वीप
बसपा अंबेडकरनगर जिले में दो बार क्लीन स्वीप कर चुकी है। वर्ष 1993 में सबसे पहले बसपा ने यह करिश्मा कर दिखाया था। उस समय जहांगीरगंज से घामूराम भाष्कर, अकबरपुर से रामअचल राजभर, टांडा से लालजी वर्मा, जलालपुर से रामलखन वर्मा व कटेहरी से रामदेव पटेल बतौर बसपा प्रत्याशी विजयी हुए थे। बसपा ने इसके बाद वर्ष 2007 में भी सभी पांच सीटों पर सफलता हासिल कर ली थी। उस समय कटेहरी से धर्मराज निषाद, जलालपुर से शेरबहादुर सिंह, टांडा से लालजी वर्मा, अकबरपुर से रामअचल राजभर व जहांगीरगंज से त्रिभुवनदत्त विजयी होने में सफल रहे।
रोचक रहा जलालपुर व अकबरपुर का परिणाम
मतगणना में गुरुवार को सबसे ज्यादा रोचकता अकबरपुर व जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के परिणाम को लेकर रही। लगभग आधी मतगणना होने तक सभी पक्ष के समर्थकों की धुकधुकी बढ़ी रही। इन्हीं दोनों सीट का परिणाम जानने के लिए समाचार पत्रों के कार्यालयों से लेकर अन्य जिम्मेदारों तक के पास लगातार फोन घनघनाते रहे। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों ही सीटों पर काफी देर तक नजदीकी मुकाबला बना रहा। जलालपुर में मतों की गणना शुरू हुई, तो पोस्टल बैलेट में सपा प्रत्याशी राकेश पांडेय ने बाजी मार ली। हालांकि ईवीएम की गिनती शुरू होते ही बसपा प्रत्याशी राजेश सिंह ने बढ़त बना ली। इसके बाद कभी राजेश सिंह, तो कभी राकेश पांडेय आगे होते रहे। शुरुआती कुछ चक्र के बाद राजेश की बढ़त 6 हजार से भी अधिक हो गई। इस पर दूसरे खेमे के समर्थकों की चिंता बढ़ने लगी, लेकिन जिम्मेदारों ने बताया कि अभी ऐसे क्षेत्र खुलना बाकी हैं, जहां सपा का ही बोलबाला है। हुआ भी वही। 15 राउंड की मतगणना के बाद सपा ने बढ़त को कवर कर आगे बढ़ना शुरू किया। इसके बावजूद सभी की निगाहें इसी सीट पर लगी हुई थीं। हालांकि मतों की गणना समाप्त होने तक सपा की बढ़त कम नहीं हो सकी। इसी तरह अकबरपुर में पहले मुकाबला सपा व बसपा के बीच था। काफी देर तक इन्हीं दोनों दलों के बीच मुकाबला होता रहा। हालांकि बाद में भाजपा ने बढ़त बनानी शुरू की। लगा कि भाजपा जीत की दहलीज तक पहुंचेगी। इसी बीच बसपा ने भी बढ़त बनाई। हालांकि भाजपा ने बसपा को पीछे छोड़ दिया। मतों का अंतर भाजपा व सपा के बीच तीन हजार के आसपास रह गया, तो भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। उम्मीदें बढ़ते ही फोन का सिलसिला तेज हो गया। हालांकि इस सीट पर भी अंतत: जीत सपा को ही हासिल हुई।
परिणाम
आलापुर विधानसभा
नाम/पार्टी कुल मत
त्रिभुवनदत-सपा 74165
त्रिवेणीराम-भाजपा 64782
केशरा देवी-बसपा 53061
सत्यमवदा-कांग्रेस 1748
नोटा 1538
जलालपुर विधानसभा
राकेश पांडेय-सपा 93668
राजेश सिंह-बसपा 80038
सुभाष राय-भाजपा 71236
रागिनी पाठक-कांग्रेस 1731
नोटा 1399
कटेहरी विधानसभा
लालजी वर्मा-सपा 93524
अवधेश द्विवेदी-निषाद पार्टी 85828
प्रतीक पांडेय-बसपा 58482
निशात फातिमा-कांग्रेस 2049
नोटा 1492
टांडा विधानसभा
राममूर्ति वर्मा-सपा 95263
कपिलदेव वर्मा-भाजपा 63166
शबाना खातून-बसपा 45222
मेराजुद्दीन-कांग्रेस 1972
नोटा। 1211
अकबरपुर विधानसभा
रामअचल राजभर-सपा 79292
धर्मराज निषाद-भाजपा 68110
चंद्रप्रकाश वर्मा-बसपा 51107
प्रियंका जायसवाल-कांग्रेस 2686
नोटा 1596

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अम्बेडकर नगर:त्रिकोणीय लड़ाई में सपा ने दी भाजपा बसपा को पटकनी

Fri Mar 11 , 2022
त्रिकोणीय लड़ाई में सपा ने दी भाजपा बसपा को पटकनी अंबेडकरनगर। सवर्ण बाहुल्य वोटरों वाली कटेहरी सीट पर तीन दशक से बना मिथक इस बार भी कायम रहा। इस सीट पर हुई त्रिकोणीय लड़ाई में सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा ने शेर की तरह दहाड़ लगाते हुए भाजपा व बसपा प्रत्याशी […]

You May Like

Breaking News

advertisement