
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : सीबीगंज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन में यूपीएचसी सीबीगंज द्वारा विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर वुडरो स्कूल, डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल एवं एवीएस स्कूल, सीबीगंज में जनजागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधु गुप्ता ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि जूनोसिस (Zoonosis) ऐसे संक्रामक रोग हैं जो पशुओं से मनुष्यों में फैलते हैं। उन्होंने रेबीज़, बर्ड फ्लू, ब्रुसेलोसिस सहित अन्य जूनोटिक रोगों की जानकारी देते हुए स्वच्छता, पालतू पशुओं के समय पर टीकाकरण एवं सुरक्षित व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. मधु गुप्ता ने विशेष रूप से रेबीज़ से जुड़ी भ्रांतियों का खंडन करते हुए बताया कि किसी भी कुत्ते, बंदर या अन्य संदिग्ध पशु के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा उसी दिन बिना किसी देरी के एंटी-रेबीज़ वैक्सीन (ARV) लगवानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन दिन तक इंतजार करने जैसी धारणा पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घाव पर मिर्च, हल्दी, मिट्टी, तेल या अन्य घरेलू पदार्थ लगाने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लें। उन्होंने कहा कि रेबीज़ 100 प्रतिशत घातक बीमारी है, लेकिन समय पर उपचार एवं टीकाकरण से इससे पूरी तरह बचाव संभव है।
वुडरो स्कूल, सीबीगंज में कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पोस्टर प्रतियोगिता, आकर्षक जागरूकता प्लेकार्ड तैयार किए तथा जागरूकता रैली निकालकर जूनोसिस एवं रेबीज़ से बचाव का संदेश दिया। डॉ. मधु गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जूनोसिस की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य संरक्षण की शपथ भी दिलाई। इसी क्रम में डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल एवं एवीएस स्कूल में भी पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वुडरो स्कूल एवं डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल में विजेता विद्यार्थियों को डॉ. मधु गुप्ता द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार वुडरो स्कूल की चारुल वर्मा, एवीएस स्कूल के अक्षित तथा डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल की तृषा सिंह को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल की वैष्णवी तथा वुडरो स्कूल की सृष्टि गंगवार को दिया गया। तृतीय पुरस्कार वुडरो स्कूल की रुचिका एवं डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल की हनी गुप्ता को प्रदान किया गया।
डॉ. मधु गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वुडरो स्कूल, डॉल्फिन इंटरनेशनल स्कूल एवं एवीएस स्कूल के सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। साथ ही हृदेश, मनमोहन, श्रवण, सरस्वती, सरिता, सूरज एवं मोनू के सहयोग की सराहना की। IWC Glory Plus के सदस्यों अफ़ज़ा, अनीता, सुनीता, रीना, वैशाली, सुरभि, दीपाली, डॉ. ममता पराशर, डॉ. रितिका भारद्वाज, डॉ. मोनिका गुप्ता एवं डॉ. कविता पाण्डेय की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, स्वच्छता अपनाने तथा जूनोसिस जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


