
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : मुख्य चिकित्सा अधिकारी बरेली डॉ. विश्राम सिंह एवं नोडल अधिकारी, एनयूएचएम के मार्गदर्शन में आज यू.पी.एच.सी. सीबीगंज, बरेली में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, स्वच्छता संबंधी सही व्यवहार को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. मधु गुप्ता के मार्गदर्शन में “Together for a Period Friendly World” थीम पर रचनात्मक फिंगरप्रिंट ग्लोब गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित मरीजों एवं लाभार्थियों ने अपने हाथों के निशान लगाकर मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक सोच, सहभागिता एवं जागरूकता का संदेश दिया। इस गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसके प्रति सहयोग, सम्मान एवं जागरूकता आवश्यक है।
साथ ही डॉ. मधु गुप्ता द्वारा ट्रैफिक सिग्नल जागरूकता मॉडल के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित सही एवं गलत आदतों के बारे में जानकारी दी गई। हरे, पीले एवं लाल संकेतों के माध्यम से समय पर सेनेटरी पैड बदलने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित निस्तारण, संतुलित पोषण एवं एनीमिया से बचाव के महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम में सरिता, हिरदेश, मनमोहन, श्रवण, सूरज एवं मोनू सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने सहभागिता की तथा उपस्थित मरीजों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मासिक धर्म को लेकर सामाजिक झिझक एवं भ्रांतियों को समाप्त करने तथा महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि—
“मासिक धर्म सामान्य है, जागरूकता एवं स्वच्छता ही बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला है।”
“स्वस्थ माहवारी, स्वस्थ नारी और स्वस्थ समाज की पहचान है।”


