
चार दिन से अंधेरे में डूबा भैंसहा गांव, जला ट्रांसफार्मर नहीं बदलने से ग्रामीण बेहाल
बिलरियागंज। सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं क्षेत्र के भैंसहा गांव की स्थिति उन दावों की हकीकत बयां कर रही है। बुधवार की रात तेज धमाके के साथ जला 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चार दिन बीत जाने के बाद भी नहीं बदला जा सका है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार देर रात ट्रांसफार्मर से अचानक तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। ट्रांसफार्मर जलने के साथ ही पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र को सूचना देने के साथ ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
चार दिनों से बिजली गुल रहने के कारण गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। घरों में लगे समरसेबल, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। दिन में तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, जबकि रात में बिजली न होने से लोग घरों के बाहर जागकर समय बिताने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण संजय, बच्चूलाल, बिहारीलाल, अजय मौर्य, विजय प्रकाश, चंदन और राजनारायण ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
इस संबंध में अवर अभियंता सहदेव राम ने बताया कि जले हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


