
बिलरियागंज (आजमगढ़): स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वाधान में सोमवार को बिलरियागंज में एक भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय बाजारवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और राष्ट्रभक्ति के प्रति अपनी अटूट निष्ठा प्रकट की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बिलरियागंज के नए चौक से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए जनसैलाब नया चौक से पुराना चौक, खास बाजार और कासिमगंज होते हुए ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्थल पहुँचा। वहाँ उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘तिरंगा है आन हमारी, तिरंगा है शान हमारी’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरा बिलरियागंज क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की तिरंगा यात्राओं का उद्देश्य समाज में देश के प्रति एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। वक्ताओं ने याद दिलाया कि इसी तिरंगे की आन-बान-शान के लिए देश के अनगिनत वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है, जिसे यह राष्ट्र सदैव कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।
इसी क्रम में भीमबर बाजार में भी एक अन्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो बाजार चौक से शुरू होकर नरोत्तम ब्रह्म बाबा मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राधेश्याम सिंह ‘गुड्डू’, रुद्रप्रकाश राय, शैलेंद्र तिवारी, दीपक मिश्रा, रवींद्र प्रताप सिंह, लालजी सिंह, बृजेश सिंह, सूर्यभान सोनकर, श्रवण मोदनवाल, धर्मेंद्र गुप्ता, राकेश सिंह, अमरीश दुबे, अभिषेक सिंह और सागर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


