
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 28 अप्रैल : जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने जनगणना- 2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु जिले के सभी विद्यालय प्राचार्यों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। यह जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें शिक्षा विभाग की भूमिका अत्यंत अहम है। सभी विद्यालय प्राचार्य यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें। जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने निर्देशित किया कि विद्यालय स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं। प्राचार्य अपने स्टाफ के माध्यम से विद्यार्थियों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाएं तथा उन्हें प्रेरित करें कि वे अपने घरों में अभिभावकों को भी इसके लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक पहले स्वयं स्व-गणना पूर्ण करें, ताकि वे विद्यार्थियों को सही एवं प्रभावी मार्गदर्शन दे सकें। विद्यालयों में प्रार्थना सभा, कक्षा गतिविधियों एवं अभिभावक बैठकों के माध्यम से इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाए। विनोद कौशिक ने बताया कि स्व-गणना एक सरल, सुरक्षित एवं समय बचाने वाली ऑनलाइन प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी, स्टीक एवं सुगम बनेगा। सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सके।


