

जिला महिला अस्पताल में मातृ-शिशु सेवाओं का निरीक्षण, सीटीजी मशीन भी परखी
आजमगढ़, संवाददाता। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के बूथ दिवस का शुभारंभ रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय में बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया। उद्घाटन सत्र में सीएमओ व अन्य अधिकारियों ने कुल 22 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई।
डॉ. वर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि जीरो से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है और कोई बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
महिला अस्पताल का निरीक्षण, व्यवस्था पर जताया संतोष
अभियान के शुभारंभ के बाद सीएमओ ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, एएनसी वार्ड का भ्रमण कर भर्ती महिलाओं से दवा, भोजन व उपचार की जानकारी ली। ट्रायेज कक्ष में स्थापित कार्डियोटोकोग्राफी (सीटीजी) मशीन की कार्यप्रणाली भी परखी।
डॉ. वर्मा ने कहा कि सीटीजी मशीन गर्भवती महिलाओं व गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण है। इससे शिशु की हृदय गति व गर्भाशय संकुचनों का आकलन कर समय रहते जटिलताओं की पहचान संभव है। उन्होंने अस्पताल की स्वच्छता व अनुशासित कार्यप्रणाली को अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए अनुकरणीय बताया।
30 जून तक शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य इकाइयों को ‘जीरो पॉवर्टी अभियान’ के तहत शेष पात्र परिवारों के गोल्डन आयुष्मान कार्ड 30 जून तक शत-प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन समीक्षा कर लक्ष्य प्राप्ति में कोई शिथिलता न बरती जाए। चिकित्सालय प्रशासन को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध सेवाएं देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़, एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार, डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक सहित चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

