
कोण्डागांव, 21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम करण्डी निवासी रैसिंह मण्डावी वन अधिकार पत्र की मांग की, ग्राम खण्डसरा निवासी रामकरू सलाम ने प्राथमिक शाला खण्डसरा हेतु शिक्षक की मांग की, ग्राम कुम्हारपारा के युवाओं ने खेल मैदान की मांग की, ग्राम गुमड़ी मुंडापारा के ग्रामीणों ने नवीन आंगनबाड़ी की मांग की, ग्राम बेलगांव नयापारा निवासी हरिराम नाग ने शाला भवन मरम्मत एवं बांड्रीवाल निर्माण की मांग की। इसके अलावा ग्राम निचिपारा कोलंगा निवासी कुमार सिंह मरकाम ने निचिपारा से मड़कड़ा मार्ग स्थित नदी में पुल की मांग की।
इसके अतिरिक्त जनदर्शन में राजस्व प्रकरणों, वनाधिकार पट्टा, सीसी सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


