समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा

15 अगस्त की तैयारी, रोड सेफ्टी और पुनर्वासितों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

कोण्डागांव, 21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की और जिले में रोड सेफ्टी टास्क फोर्स के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पुनर्वासित परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे सर्वे कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सभी पुनर्वासितों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
कलेक्टर ने जिले में संचालित शासकीय निर्माण कार्यों में कार्यरत सभी मजदूरों का श्रम पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग से डायरिया की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक सावधानियों और जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग से कलेक्टर ने वन विभाग से पौधे प्राप्त कर जिले के सभी शासकीय स्कूलों के परिसर में पौधरोपण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यालयीन अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्लांटेशन ड्राईव कार्यक्रम तहत ग्राम चिचपोलंग में आयल पॉम पौधा रोपण कार्य

Tue Jul 21 , 2026
कोंडागांव, 21 जुलाई 2026/ केन्द्रपोषित योजना नेशनत मिशन ऑन इडिबल आयल – घटक – आयल पॉम तहत 15 अक्टूबर 2026 तक प्लांटेशन ड्राईव कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें आयल पॉम पौधा का रोपण इच्छुक कृषकों के प्रक्षेत्रो में किया जाता है। इसी क्रम में ग्राम चिचपोलंग निवासी श्री […]

You May Like

Breaking News

advertisement