कलेक्टर श्री लंगेह ने खेतों में उतरकर डिजिटल क्राॅप सर्वे किया

डीसीएस सर्वे में तेजी लाने के निर्देश

महासमुंद 02 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज महासमुंद अनुविभाग एवं बागबाहरा अनुविभाग के विभिन्न ग्रामों में डिजिटल क्राॅप सर्वे का मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया। महासमुंद अंतर्गत उप तहसील तुमगांव के ग्राम बेंद्रीडीह, खैरझिटी तथा पटेवा उप तहसील के ग्राम तोरला में ग्रामीणों के खेतों में उतरकर डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) करते हुए राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सर्वेयरों से फील्ड में सर्वेक्षण के दौरान आ रही समस्याओं और चुनौतियों के संबंध में चर्चा की। इस दौरान महासमुंद एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता, बागबाहरा एसडीएम श्री शुभम देव सहित संबंधित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित अधिकारियों एवं सर्वेयरों को डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को पूरी शुद्धता और गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान फसलों और कृषि भूमि की जानकारी का सही एवं सटीक दर्ज किया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पतेरापाली एवं दारगांव पहुंचकर स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे किया एवं प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर स्वयं सर्वेक्षण कर डिजिटल माध्यम से फसल संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया को देखा और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीसीएस सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो तथा प्रत्येक खेत और फसल की जानकारी का सर्वे पूरी सावधानी एवं शुद्धता के साथ किया जाए, ताकि जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सके।
ज्ञात है कि जिले के 06 तहसीलों में डिजिटल क्राॅप सर्वे कार्य जारी है। जिसमें जिले में कुल 9 लाख 70 हजार 925 प्लाॅट्स चिन्हांकित किया गया है। जिनमें से 94.32 प्रतिशत प्लाॅट्स एसाइन किया गया है। जबकि अभी तक 5 लाख 33 हजार प्लाॅट्स का सर्वे कर लिया गया है। उन्होंने सभी पटवारियों को अप्रूवल रेट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

advertisement