
हल्द्वानी घटना के विरोध में आज आजमगढ़ में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी होंगे शामिल
आजमगढ़। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की जनसभा स्थल के कथित “शुद्धिकरण” की घटना को लेकर कांग्रेसजनों में भारी आक्रोश है। सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ द्वारा आज एक विशाल जिला स्तरीय विरोध मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया जा रहा है।
इस राज्यव्यापी और राष्ट्रीय स्तर के संवेदनशील मुद्दे पर आयोजित विरोध मार्च में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय जी विशेष रूप से आजमगढ़ पहुँचकर कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करेंगे।
मार्च का विवरण और मार्ग:
- संभावित समय: आज शाम 5:00 बजे
- प्रारंभ स्थल: जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय
- मार्ग: कलेक्ट्रेट चौराहा एवं रैदोपुर होते हुए
- समापन स्थल: गांधी प्रतिमा
कार्यक्रम के अंत में गांधी प्रतिमा पर पहुँचकर सभी कांग्रेसजन संविधान में निहित समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की रक्षा का संकल्प लेंगे।
”हल्द्वानी की घटना सीधे तौर पर सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को बढ़ावा देने का एक निंदनीय प्रयास है। भारतीय संविधान हर नागरिक को समानता और सम्मान से जीने का अधिकार देता है। इस भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी।”
— कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ (अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़)
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस सत्याग्रह को सफल बनाने की अपील की है।


