
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार के कथित भेदभावपूर्ण रवैये एवं उसे समाप्त करने के प्रयासों के विरोध में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के रामपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बरेली से महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एड. के नेतृत्व में प्रवक्ता पंडित राज शर्मा, सुरेश दिवाकर, डॉ. हरीश गंगवार, राजाराम साहू, विश्वास साहू सहित अनेक कांग्रेसजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि यह समय आपस में जाति और बिरादरी के नाम पर बंटने का नहीं, बल्कि एकता के सूत्र में बंधकर आगे बढ़ने का है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी नहीं चाहती कि समाज के सभी वर्ग एकजुट हों, क्योंकि उनकी राजनीति समाज को बांटकर सत्ता में बने रहने पर आधारित है। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हमें ऐसी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर करना होगा, जिसके शासनकाल में युवाओं के साथ पुलिस की बर्बरता की घटनाएं सामने आती हों और महिलाओं एवं बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े होते हों। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।उन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया तथा कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर न्याय, समानता और भाईचारे की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।


