फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, 54,000 रु0 व स्विफ्ट कार सहित भारी मात्रा में आपराधिक सामग्री बरामद

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता)
बरेली : थाना भुता, जनपद बरेली पुलिस ने एक सफल छापेमारी में साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह के 04 मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लंबे समय से निर्दोष नागरिकों को फर्जी इंश्योरेंस एजेंट बनकर ठग रहा था। अभियुक्तों ने लोगों को झांसा देकर इंश्योरेंस पॉलिसी के बोनस, अतिरिक्त लाभ या नकली स्कीमों के नाम पर ऑनलाइन पैसे मंगवाए और धोखाधड़ी की गई राशि को फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिया।
थाना भुता पुलिस के मुताबिक पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल करके लोगों को फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठग रहे हैं। ये धोखेबाज खुद को इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि बताकर लोगों से ऑनलाइन पैसे मंगवाते थे और फिर ठगी का पैसा अलग-अलग फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। इन अपराधियों के पास कई बैंकों के फर्जी ATM कार्ड भी थे, जिनके जरिए वे चोरी के पैसे निकालते थे। इसके अलावा वे एक फर्जी कंपनी के नाम पर नकली बिल और दस्तावेज तैयार करके भी धन का हेर-फेर करते थे। यह पूरा गिरोह संगठित तरीके से फ्रॉड कर रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केसरपुर साप्ताहिक बाजार के खाली पड़े ग्राउंड पर मौके पर पहुंचकर वहां एक स्लेटी रंग की स्विफ्ट कार में बैठे 04 संदिग्ध व्यक्तियों को समय करीब 01.15 बजे गिरफ्तार कर लिया। घटना के सम्बन्ध में थाना भुता पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रेतर विधिक कार्यवाही करते हुये मा0 न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण मोहम्मद नवी पुत्र नोशे बक्श निवासी ग्राम केसरपुर थाना भुता जनपद बरेली उम्र 35 वर्ष ,फरमान पुत्र मरदाना खान निवासी ग्राम धन्तिया थाना फतेहगंज पश्चिमी जनपद बरेली उम्र 42 वर्ष ,मोहम्मद अकरम पुत्र उस्मान निवासी ग्राम केसरपुर थाना भुता जनपद बरेली उम्र लगभग 34 वर्ष, आरिफ पुत्र अलाबक्श निवासी ग्राम केसरपुर थाना भुता जनपद बरेली उम्र लगभग 36 वर्ष ।
पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे खुद को प्रसिद्ध बीमा कंपनियों के एजेंट बताकर फोन करते थे। पीड़ितों को लालच देते थे कि उनकी पुरानी पॉलिसी पर बोनस मिल रहा है या अतिरिक्त लाभ दिलाया जा सकता है। फर्जी स्कीम दिखाकर लोगों से बैंक खातों में पैसे डलवाते थे। ठगी की रकम को अलग-अलग फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर, कंपनी के नाम से नकली बिल बनाकर पैसों का हेरफेर करते थे।अभियुक्तों की शिक्षा सीमित है (8वीं से 12वीं तक), लेकिन वे जरी का काम, पैट्रोल पंप ठेकेदारी आदि करते हुए साइबर ठगी को अपना मुख्य धंधा बना चुके थे। वे अलग-अलग टीमों में काम करते थे और विभिन्न राज्यों में घूमकर ठगी करते थे। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने बाली पुलिस टीम में रविन्द्र कुमार प्रभारी निरीक्षक, उ0नि0 वीकेश कुमार,उ0नि0 नरेश कुमार ,हे0कां0 शीशपाल सिंह ,कां0 अजय कुमार ,कां0 दीपक कुमार थाना भुता जनपद बरेली ।




