ओरल हेल्थ मंथ के तहत विभिन्न विद्यालयों में दंत स्वास्थ्य शिविर किया गया आयोजित

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : ओरल हेल्थ मंथ के अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज़, बरेली द्वारा बिथरी चैनपुर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में दंत स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय नवादिया झाड़ा, प्राथमिक विद्यालय कुआं डांडा, तथा प्राथमिक विद्यालय कचौली, बरेली में कैम्प लगाए गए।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सही आदतों के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए कई रोचक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें सही तरीके से ब्रश करना, फ्लॉसिंग की विधि, तथा अच्छे और खराब खाद्य पदार्थों की पहचान शामिल रही।
डेंटल टीम द्वारा बच्चों को मॉडल, चार्ट्स एवं प्रदर्शन के माध्यम से समझाया गया कि किस प्रकार अधिक मीठे और चिपचिपे खाद्य पदार्थ दाँतों को नुकसान पहुँचाते हैं, जबकि संतुलित एवं पौष्टिक आहार दाँतों को स्वस्थ बनाए रखते हैं।
इसके साथ ही सभी बच्चों का ओरल एग्ज़ामिनेशन (दंत परीक्षण) भी किया गया, जिसमें कैविटी, मसूड़ों की समस्याएँ एवं अन्य दंत रोगों की जांच की गई। जिन बच्चों में समस्याएँ पाई गईं, उन्हें उचित उपचार एवं आगे की सलाह दी गई।
इन शिविरों के माध्यम से बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्होंने नियमित रूप से सही तरीके से ब्रश करने एवं स्वस्थ खान-पान अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वस्थ मुस्कान और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं ।




