
शनिदेव शक्ति पीठ मंदिर में पुजारी को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट, ग्रामीण धरने पर बैठे
बिलरियागंज। थाना क्षेत्र के दान शनिचरा स्थित शनिदेव शक्ति पीठ मंदिर में पुजारी और पूजा-पाठ के अधिकार को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को फिर उग्र हो गया। मंदिर में पूजा कराने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल ट्रस्ट द्वारा नियुक्त पुजारी को पूजा-पाठ की अनुमति दी गई है, जिससे नाराज ग्रामीण मंदिर परिसर के निकट धरने पर बैठ गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंदिर में पूजा-पाठ और प्रबंधन को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा है। शनिवार सुबह ग्रामीणों के एक समूह ने दूसरे पक्ष के पुजारी को मंदिर में प्रवेश कराया, जिसका विरोध ट्रस्ट समर्थित पक्ष ने किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए।
सुबह की झड़प के बाद पुलिस ने मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ समय बाद मंदिर परिसर में फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान ट्रस्ट के एक पदाधिकारी और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए केवल ट्रस्ट द्वारा नियुक्त पुजारी को पूजा की अनुमति दी है। इसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के बगल में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले का स्थायी समाधान नहीं करता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
ट्रस्ट द्वारा नियुक्त पुजारी पन्नालाल मिश्र ने दावा किया कि मंदिर उनके निजी भवन से सटा हुआ है और उनके परिवार के सदस्य वर्षों से यहां पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। उन्होंने दूसरे पक्ष के दावे को निराधार बताया।
वहीं दूसरे पक्ष के पुजारी राजेश मिश्र का कहना है कि वह पिछले दस वर्षों से मंदिर में नियमित रूप से पूजा करा रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। शनिवार को ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर में प्रवेश करने पर विरोधी पक्ष ने उनके साथ मारपीट की।
फिलहाल मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।


