
बिलरियागंज संवाददाता राजकुमार जायसवाल
जनपद Azamgarh के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय विवाद और तनाव का केंद्र बन गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते शादी का माहौल हंगामे, पथराव और भगदड़ में बदल गया। घटना के बाद दूल्हा-दुल्हन सिंदूरदान कर मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर पुत्र स्वर्गीय शिव की पुत्री की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार शाम बारात पूरे धूमधाम के साथ लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। द्वारपूजा और जयमाल सहित विवाह की रस्में चल रही थीं तथा दोनों परिवार खुशी के माहौल में विवाह समारोह में व्यस्त थे।
इसी दौरान थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवाने की बात कही। युवती के आरोप के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने डायल 112 पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थर फेंक दिए। अचानक हुए पथराव से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं व बच्चे इधर-उधर भागने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस युवती को लेकर वहां से निकल गई और तत्काल घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन सिंदूरदान के बाद बारातियों के साथ मौके से निकल गए। पुलिस ने घटनास्थल से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लड़की पक्ष का कहना है कि दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले तय हुई थी और कोर्ट मैरिज भी हो चुकी थी। दूल्हा विदेश में नौकरी करता है और छुट्टी लेकर घर आया था। परिवार का आरोप है कि तीन दिन पहले भी वही युवती उनके घर पहुंची थी और शादी रुकवाने की धमकी देकर गई थी। इसकी जानकारी लड़के पक्ष को दी गई थी, लेकिन उन्होंने किसी विवाद से इनकार करते हुए शादी शांतिपूर्ण ढंग से होने का भरोसा दिलाया था।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। लड़की पक्ष ने खाने-पीने, सजावट और अन्य तैयारियों में भारी नुकसान होने की बात कही है। वहीं सदमे के कारण परिवार की एक महिला और एक युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए निजी डॉक्टर के यहां ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


