
मुख्य अतिथि जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 18 जुलाई : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उमरी में 15 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित एटीएल, रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी लैब विषयक जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 एवं नीति आयोग के अंतर्गत विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब , रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता तथा समस्या समाधान क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्राचार्य तथा शिक्षक अपने विद्यालयों में इन प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करें तथा विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, 3-डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डिज़ाइन थिंकिंग एवं अंतरिक्ष विज्ञान जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित कराएं।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के 18 अटल टिंकरिंग लैब युक्त विद्यालयों के प्राचार्यों, एटीएल प्रभारी शिक्षकों तथा सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अटल टिंकरिंग लैब की कार्यप्रणाली, रोबोटिक्स किट, माइक्रोकंट्रोलर, सेंसर आधारित परियोजनाओं, 3-डी प्रिंटिंग, कोडिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिज़ाइन थिंकिंग तथा एस्ट्रोनॉमी लैब में उपलब्ध उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा उन्हें अपने- अपने विद्यालयों में नवाचार आधारित गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने मुख्य अतिथि जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक, पीएम श्री राजकीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बनी के प्राचार्य राजेश सैनी, एपीसी राजेश भारद्वाज, प्राचार्य नीलम सैनी, सुषमा शर्मा, राज कपूर, माया देवी, किरण बाला, रेखा शर्मा, मोनिका, निधि, सहित जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से आए प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।


