समूहों से चर्चा कर व्यवसाय विस्तार एवं विपणन के दिए सुझाव


बलरामपुर, 23 जुलाई 2026/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को सुदृढ़ एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी द्वारा लगातार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर समूहों की गतिविधियों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पंचायत सीईओ डॉ चतुर्वेदी ने जनपद पंचायत वाड्रफनगर के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उन्होंने समूहों को आय वृद्धि एवं व्यवसाय विस्तार के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया।
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम अलका में संस्कार महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित तेल मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल के संचालन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कच्चे माल की उपलब्धता, तेल उत्पादन क्षमता तथा आय-व्यय का अवलोकन किया। समूह द्वारा उत्पादित तेल की बेहतर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए फॉरवर्ड लिंकेज विकसित करने, बाजार से जुड़ाव बढ़ाने तथा सप्लाई चेन को सुदृढ़ करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम मानपुर में एकता महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती ललिता द्वारा समूह से प्राप्त ऋण के माध्यम से संचालित किराना दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकान की दैनिक बिक्री, स्टॉक प्रबंधन एवं वार्षिक आय की जानकारी ली। उन्होंने व्यवसाय को और अधिक विकसित करने, उत्पादों में विविधता लाने, ग्राहकों को आकर्षित करने हेतु दुकान का जीर्णोद्धार तथा दुकान के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित व्यवसायों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर उन्हें व्यापक बाजार एवं आधुनिक व्यावसायिक नेटवर्क से जोड़ने के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है, जिससे समूहों की आय में वृद्धि हो और महिलाओं की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत हो सके।


