
राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर के दूसरे दिन कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने किया स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 14 जून : हरियाणा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दूसरे दिन कुवि कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने मुख्य अतिथि कहा कि युवा समाज व राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान दें। उन्होंने स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन के महत्व से अवगत कराते हुए सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने शिविर में उपस्थित स्वयंसेवकों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि असली कार्य यहां से जाने के बाद आरम्भ होगा। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक एवं अनियंत्रित उपयोग के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान और विकास के लिए होना चाहिए, न कि समय की बर्बादी और मानसिक तनाव का कारण बनने के लिए। युवाओं को डिजिटल अनुशासन अपनाते हुए अपने समय का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने संस्कृत भाषा के बारे में विस्तार से बताया।
शिविर में जींद, कैथल, भिवानी तथा कुरुक्षेत्र जिलों के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया तथा समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ सुखविंद्र सिंह, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. गिरधारी लाल शर्मा, स्कूल के एनएसएस अधिकारी प्रवीण शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनके प्रेरणादायी विचारों के लिए आभार व्यक्त किया। दूसरे सत्र में जिला पुलिस विभाग के प्रवक्ता नरेश कुमार व शिव कुमार किरमिच ने स्वयंसेवकों को जीवन में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. सुखविंद्र सिंह, डॉ. गिरधारी लाल शर्मा, प्रवीण शर्मा, अनिल अत्री, रामनिवास, मीनाक्षी, दिव्य, प्रीतम कुमार, बंसी लाल, नरेश कुमार, नरेंद्र, कविता, डॉ. सुशील टाया व सतीश सहित एनएसएस अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


