हरियाणा कला परिषद की साप्ताहिक संध्या में मंचित हुआ नाटक

रंगमंच के दो रंग, आधुनिक और पौराणिक ढंग से हुआ मंचन।
दिल्ली में एक मौत और महारथी की प्रस्तुति से सजी कला परिषद की शाम, कलाकारों ने दिखाई अभिनय प्रतिभा।

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 18 अप्रैल : हरियाणा कला परिषद द्वारा कला कीर्ति भवन में आयोजित साप्ताहिक संध्या में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने रंगमंच के दो रंग नाटक से अपनी अभिनय प्रतिभा का दर्शन कराया। नाटक में कमलेश्वर की लिखी कहानी दिल्ली में एक मौत और विभांशु वैभव के नाटक महारथी का मंचन किया गया, जिसका निर्देशन अमित कुमार चौहान ने किया। इस अवसर पर साहित्यकार चंद्रशेखर शर्मा, सुरेखा मखीजा, रमेश सुखीजा तथा हरियाणा कला परिषद के कार्यालय प्रभारी धर्मपाल गुगलानी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मंच का संचालन विकास शर्मा द्वारा किया गया।
महानगर की भीड़ में अकेले विदा हुए सेठ दीवानचंद, अंतिम विदाई में दिखी संवेदनाओं की बर्फ
हल्कारा थियेटर ग्रुप के कलाकारों द्वारा अभिनीत पहली प्रस्तुति दिल्ली में एक मौत में दिखाया कि करोलबाग इलाके के प्रतिष्ठित व्यवसायी सेठ दीवानचंद का देर रात निधन हो जाता है। लेकिन उनकी मृत्यु ने दिल्ली जैसे महानगर के उस चेहरे को उजागर कर दिया है, जहाँ लाखों की भीड़ तो है, पर संवेदनाएं पूरी तरह जम चुकी हैं। सेठ जी की मृत्यु की खबर फैलते ही उनके परिचितों और पड़ोसियों के बीच शोक से ज्यादा दुविधा का माहौल देखने को मिलता है। कड़ाके की ठंड और सुबह के कोहरे के बीच, अधिकतर लोग इस बात को लेकर चिंतित दिखे कि उन्हें अंतिम यात्रा में शामिल होना पड़ेगा। उनके लिए यह दुख की घड़ी नहीं, बल्कि अपनी व्यस्त दिनचर्या में एक अनचाहा अवरोध लगा। अंतिम संस्कार के समय मानवीय रिश्तों का खोखलापन साफ नजर आया। जहाँ एक ओर मिस्टर वासवानी अपनी कार की सफाई में व्यस्त रहे, वहीं अतुल मवानी और सरदार जी जैसे लोग केवल इसलिए श्मशान घाट पहुंचे ताकि समाज में उनकी उपस्थिति दर्ज हो सके। शवयात्रा के दौरान भी लोग शोक मनाने के बजाय व्यापार, राजनीति और व्यक्तिगत स्वार्थों पर चर्चा करते देखे गए। सेठ दीवानचंद की अंतिम विदाई यह सोचने पर मजबूर करती है कि हम एक ऐसे समाज में तब्दील हो रहे हैं जहाँ मौत भी सिर्फ एक औपचारिकता है। तीन पात्रीय नाटक ने आधुनिक जीवन के सच को दर्शाते हुए दिखाया कि आधुनिकता की दौड़ में हमने अपनी मनुष्यता खो दी है।
मंच पर जीवंत हुआ कर्ण का संघर्ष; नाटक ‘महारथी’ ने जातिवाद पर किया प्रहार।
दूसरी प्रस्तुति ‘महारथी’ पौराणिक कथा पर आधारित रही। जिसमें महारथी कर्ण के जीवन वृतांत को दर्शाया गया। द्रोणाचार्य कर्ण को उसकी जाति के कारण शस्त्र प्रतियोगिता से बाहर कर देते हैं। जिसके बाद दुर्योधन कर्ण को अंग प्रदेश का नरेश घोषित कर देता है। द्रोपदी स्वयंवर में भी सूतपुत्र होने के कारण कर्ण को लज्जित होना पडता है और स्वयंवर में उपस्थित होकर भी उसका हिस्स बनने से वंचित रहना पडता है। महारथी ने इस पौराणिक प्रसंग को आधुनिक समाज के कड़वे सच से जोड़ा है, जहाँ काबिलियत होने के बावजूद व्यक्ति को उसके कुल और पृष्ठभूमि के आधार पर आंका जाता है। कर्ण और कृष्ण के संवाद नाटक की आत्मा रहे, जिसमें कृष्ण के राजनीतिक पक्ष और कर्ण की अडिग धर्म-निष्ठा के बीच के द्वंद्व को बारीकी से उकेरा गया है। नाटक दिखाता है कि समाज को जाति या लिंग के आधार पर नहीं, बल्कि व्यक्ति के कर्म और पुरुषार्थ के आधार पर बांटना चाहिए। दोनों प्रस्तुतियों में अभिनय करने वाले कलाकारों में चंदन भारद्वाज, नव्या मेहता, गुरमीत, रमनदीप, सूरज सिंह, विशाल, मुकेश कुमार, कंचन यादव, ईश्वर, चैतन्य, ,खुशी अग्निहोत्री, अनु मलिक, अर्जुन सिंह, शिवानी, गौरीश, गार्गी, चंद्रपाल, लक्षित आदि शामिल रहे। अंत में नाटक निर्देशक अमित कुमार चौहान को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गायत्री कौशल, संजीव छाबड़ा, बृज शर्मा, दीपक शर्मा सहित रंगप्रेमी उपस्थित रहे।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उजियारी फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Sun Apr 19 , 2026
उजियारी फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ। फरीदाबाद, प्रमोद कौशिक/ संजीव कुमारी, 18 अप्रैल : आज उजियारी फाउंडेशन की ओर से बल्लभगढ़ में स्थित केदारनाथ मंदिर परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डाइटिशियन ललिता […]

You May Like

advertisement