हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161-91877
सरकार से मंदिरों के लिए अनुदान राशि की मांग।
सरकार के बेटी पढ़ाओं बेटी बचाओ अभियान की तरह बेटियों के कल्याण के लिए पूजन करते हैं कुरुक्षेत्र के प. राजेश कौशिक।
कुरुक्षेत्र, 6 जून : कोरोना महामारी के कारण सरकारी निर्देशों की पालना करते हुए मठ मंदिरों पर आश्रित हजारों लोगों को आज रोजी रोटी के लाले पड़े हुए हैं। ऐसे समय में भी सरकार के बेटी पढ़ाओं बेटी बचाओ अभियान की तरह कन्याओं के संरक्षण के लिए कुरुक्षेत्र की विवेकानंद कालोनी में राधा रमन बिहारी मंदिर के पुजारी प. राजेश कौशिक पूजन का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे कन्याओं के पूजन में दान दक्षिणा नहीं लेते हैं बल्कि कन्याओं के कल्याण के लिए पूजन करते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी कन्या के जन्मोत्सव एवं किसी भी कन्या के मूल नक्षत्रों में पैदा होने पर उसके जन्मदिन पर हवन तथा मूल शान्ति बिना किसी खर्च एवं बिना दक्षिणा के करते हैं। वैसे भी प. राजेश कौशिक सभी प्रकार के हवन एवं पितृ अनुष्ठान, गायत्री अनुष्ठान, माँ बगलामुखी अनुष्ठान, महामृत्युंजय अनुष्ठान इत्यादि भी नियमित करते हैं। उन्होंने कहाकि कोरोना महामारी के कारण पूरा समाज प्रभावित है तथा पिछले वर्ष ही सभी के काम धंधे ठप हैं। प. राजेश ने सरकार से अपील की कि कोरोना महामारी के कारण मंदिरों में चढ़ावा इत्यादि न होने के कारण सारी व्यवस्था प्रभावित है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मंदिरों के लिए कोई अनुदान राशि दी जाए। अगर सरकार कोई अनुदान राशि देगी तो मंदिरों का खर्च चलाने में सहयोग होगा। मंदिरों के कपाट बंद होने के कारण जहां पूजा पाठ बंद हैं वहीं पुजारियों को भी रोजी रोटी के लाले पड़ रहे हैं। कोरोना महामारी में सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने में मंदिरों पर आश्रित लोगों का जीवन बहुत अधिक प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहाकि कुरुक्षेत्र तो धर्मनगरी है। यहां की अधिकतर अर्थव्यवस्था मंदिरों पर ही आधारित है तो यहां के निवासियों का दैनिक जीवन अधिक प्रभावित है। सरकार को लोगों के सहयोग के लिए सोचना चाहिए।
प. राजेश कौशिक जानकारी देते हुए।