
लोकेशन रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
, संवेदना और सहयोग आधारित शिक्षा ही हमारा संकल्प — कुलपति आचार्य संजय सिंह
रायबरेली, 2 जून 2026।
दिव्यांगजनों के शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा रायबरेली जनपद के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग,समाज कल्याण विभाग, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभागों , शुभाशीष संस्थान तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण विभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों, संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए दिव्यांगजनों के समग्र विकास एवं उच्च शिक्षा में उनकी सहभागिता बढ़ाने पर व्यापक विचार-विमर्श किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय देश में समावेशी, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को आत्मनिर्भर, सक्षम और समाजोपयोगी नागरिक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “सेवा, संवेदना और सहयोग आधारित शिक्षा ही हमारा संकल्प और ध्येय है।”
कुलपति महोदय ने विश्वविद्यालय में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यावसायिक एवं शोध कार्यक्रमों, आधुनिक अधोसंरचना, छात्रवृत्ति सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों तथा दिव्यांगजन-अनुकूल वातावरण की विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में उन्होंने विश्वविद्यालय की एक महत्वपूर्ण भावी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांग विद्यार्थियों को उनके गृह क्षेत्र के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयागराज एवं वाराणसी में क्षेत्रीय केंद्र (रीजनल सेंटर) स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, परामर्श एवं शैक्षणिक सहयोग की सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जिससे दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों को विशेष लाभ प्राप्त होगा।
शुभाशीष संस्थान के निदेशक ऐश्वर्य श्रीवास्तव ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं की सफलता के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश एवं नामांकन बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया आधारित जागरूकता अभियान, पेड डिजिटल प्रमोशन तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सहभागिता प्रभावी सिद्ध हो सकती है। शुभाशीष संस्थान के निदेशक ऐश्वर्य श्रीवास्तव ने परिवार (बौद्धिक एवं विकासात्मक दिव्यांगजनों के अभिभावक संगठनों का राष्ट्रीय महासंघ ) के एग्जीक्यूटिव कॉउंसिल मेंबर के रूप में राष्ट्रीय न्यास की दिव्यांगजनों के लिए निरामया स्वास्थ्य बीमा के प्रचार प्रसार पे भी जोर दिया |
जिला समाज कल्याण विभाग, रायबरेली के प्रतिनिधि मोहन त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं समावेशी शैक्षणिक वातावरण की सराहना की।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते समय आने वाली चुनौतियों, समस्याओं एवं संभावित समाधानों पर विचार व्यक्त किए। उपस्थित प्रतिभागियों ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक अवसरों को पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के सह-आचार्य डॉ. विजय शंकर शर्मा ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विश्वविद्यालय की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, विभिन्न पाठ्यक्रमों, पात्रता मानदंडों तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में उप निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, लखनऊ मंडल राजेश कुमार मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रायबरेली विकास वर्मा, विश्वविद्यालय के डॉ. श्याम सिंह (सहायक प्रोफेसर), डॉ. रंजीत कुमार (मैनेजर वर्कशॉप), डॉ. आरती शुक्ला, के.एस. मेमोरियल कॉलेज, रायबरेली की प्राचार्य, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायबरेली की प्राचार्या सुनीता सिंह, तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, समाज कल्याण विभाग, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभागों सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का समापन दिव्यांगजनों के हित में विभिन्न विभागों, संस्थानों एवं विश्वविद्यालय के मध्य निरंतर समन्वय, सहयोग एवं साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


