
बलरामपुर, 07 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत वाड्रफनगर की समस्त 95 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वीबी-जी राम-जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से जुड़े लंबित प्रकरणों तथा समस्याओं के निराकरण, स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान करने, शेष जियो-टैगिंग पूर्ण करने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया।
रोजगार दिवस में वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत मांग के आधार पर नए कार्य प्रारंभ करने तथा दिसंबर 2026 तक प्राथमिकता वाले कार्यों को पूर्ण कराने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण और आजीविका संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ।
आयोजन में योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु प्रारंभ किए गए क्यूआर कोड आधारित स्वप्रगटीकरण के नवाचार को एक वर्ष पूर्ण होने पर संबंधित टीमों को बधाई दी गई तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। इसके साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यों के प्रारंभ से पूर्णता तक जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।


