![](https://vvnewsvaashvara.in/wp-content/uploads/2022/07/IMG-20220517-WA0063-1.jpg)
जौनपुर :
पुलिस की सक्रियता से जातीय संघर्ष टला
पूर्वांचल ब्यूरो
केराकत के शिवरामपुर कला में पुलिस की सक्रियता से रविवार की शाम भूमि विवाद को लेकर जातीय संघर्ष होने से बच गया। खूनखराबा पर आमादा दोनों पक्षों के सैकड़ों लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुलिस अपने स्तर से दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है।
गांव के सुभाष राम व आशुतोष सिंह के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। रविवार की शाम राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। इसके बाद आशुतोष सिंह मेड़बंदी कराने लगे। सुभाष पक्ष के लोग रोकने लगे। आरोप है कि गांव के एक पूर्व प्रधान की शह पर अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों को साथ लेकर सुभाष राम ने आशुतोष सिंह पक्ष को मारने के लिए दौड़ा लिया। पता चलते ही राजपूत बस्ती के भी लोग बड़ी संख्या में लाठी-डंडे लेकर जुट गए। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने थानागद्दी पुलिस चौकी पर सूचना दे दी। चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों की अधिक संख्या देखते हुए अतिरिक्त फोर्स बुला लिया। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर दोनों पक्षों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। चौकी प्रभारी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दोनों पक्षों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।