वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
चारों ओर हरियाली और रंग रंगीली संस्कृति की जान है तीज का त्यौहार।
कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त : बच्चों को भी भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का ज्ञान होना चाहिए। भारतीय त्यौहारों में तीज का पर्व प्रकृति में चारों ओर हरियाली और रंग रंगीली संस्कृति की जान है। इसी उद्देश्य से श्रीमद् भगवद्गीता प्राथमिक विद्यालय बालघर में तीज का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ प्रधानाचार्या सुमन द्वारा किया गया। हरियाली तीज का त्यौहार जो कि सावन महीने में शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है। इस शुभ अवसर पर चारों ओर हरियाली के बीच नन्हे मुन्ने बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। सभी बच्चे हरे रंग के वेश में उपस्थित रहे। हरियाली तीज के साथ-साथ यह दिन ग्रीन डे के रूप में भी मनाया गया। इस अवसर पर सहभोज का आयोजन भी किया गया। आचार्य वनीता द्वारा बच्चों को तीज पर्व का महत्व बताया गया और भगवान शिव पार्वती की पौराणिक कथा भी बताई। सुमन ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की।
तीज उत्सव पर झूले के साथ नन्हे नन्हे बच्चे।