ग्राम पंचायत बावनकेरा में कृषक चौपाल आयोजित

किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने एवं दलहन-तिलहन की खेती के लिए किया गया प्रेरित

महासमुंद, 05 जुलाई 2026/ राज्य शासन की मंशानुरूप जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा कृषक चौपाल का आयोजन कर किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने जागरूक और प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बावनकेरा में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में किसानों को खरीफ मौसम के दौरान फसल विविधीकरण अपनाने तथा धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य भूमि पर दलहन एवं तिलहन की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। वहीं उच्च भूमि एवं असिंचित क्षेत्रों में दलहन, तिलहन, रागी एवं कपास की खेती करने पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की विशेष अनुदान सहायता का प्रावधान है। चौपाल में किसानों को मौसम की संभावित परिस्थितियों से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष एल नीनो के प्रभाव के कारण वर्षा सामान्य से कम होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को अधिक पानी की आवश्यकता वाली धान फसल के स्थान पर कम पानी में तैयार होने वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने की सलाह दी गई, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ फसल नुकसान की संभावना भी कम होगी।

उन्होंने बताया कि शासन की इस पहल का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, भू-जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है। चौपाल में उपस्थित किसानों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने एवं फसल विविधीकरण को अपनाने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

19 जनजातीय महिला पशुपालकों ने सीखी वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन की तकनीक

Sun Jul 5 , 2026
ग्राम बोडरा स्थित गौठान एवं गोविंदी देव गौशाला का किया अवलोकन  महासमुंद 5 जुलाई 2026/ आदिवासी विकास विभाग की विशेष केंद्रीय सहायता उपयोजना अंतर्गत विकासखंड बागबाहरा के माडा ग्राम जोरातराई की अनुसूचित जनजाति की महिला हितग्राहियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष पहल की जा रही […]

You May Like

advertisement