धानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों का बढ़ा भरोसा, धमतरी में इस वर्ष लगभग 81000 किसानों ने कराया फसल बीमा

गत वर्ष की तुलना में 9000 से अधिक किसानों ने लिया फसल बीमा का सुरक्षा कवच, 84000 से अधिक हेक्टेयर रकबा बीमित

धमतरी, 21 अगस्त 2026/ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति धमतरी जिले के किसानों का विश्वास लगातार मजबूत होता जा रहा है। खरीफ 2026 में जिले के 80,920 किसानों ने 84,277.75 हेक्टेयर क्षेत्रफल का फसल बीमा कराया है, जो पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक आंकड़ा है। यह उपलब्धि न केवल योजना की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है, बल्कि किसानों में जोखिम प्रबंधन के प्रति बढ़ती जागरूकता का भी प्रमाण है।
पिछले वर्ष खरीफ 2025 में 71,572 किसानों ने 75,977.28 हेक्टेयर क्षेत्रफल का बीमा कराया था। इस वर्ष इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें 9,348 अधिक किसानों ने योजना का लाभ लेते हुए अपनी फसलों को सुरक्षा कवच प्रदान किया है। यह वृद्धि दर्शाती है कि किसान अब प्राकृतिक आपदाओं और अनिश्चित मौसम से होने वाले नुकसान के प्रति अधिक सतर्क और जागरूक हो रहे हैं।
यदि पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में 68,425, वर्ष 2023 में 73,264, वर्ष 2024 में 72,081, वर्ष 2025 में 71,572 तथा खरीफ 2026 में 80,920 किसानों ने फसल बीमा कराया है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस वर्ष जिले में फसल बीमा के प्रति किसानों की भागीदारी में उल्लेखनीय उछाल आया है, जो प्रशासनिक प्रयासों और जनजागरूकता अभियानों की सफलता को दर्शाता है।
राज्य शासन द्वारा किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित वर्षा, सूखा, अतिवृष्टि एवं अन्य मौसमीय जोखिमों से होने वाली फसल क्षति से बचाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसी दिशा में जिला प्रशासन धमतरी ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और उन्हें इससे जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए हैं।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर लगातार शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इन शिविरों में फसल बीमा की उपयोगिता, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन की अंतिम तिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसके साथ ही किसानों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार यह योजना उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाया गया और चॉइस सेंटर, एडीसीसी बैंक सहित अन्य अधिकृत संस्थानों के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को बिना किसी कठिनाई के योजना से जुड़ने का अवसर मिला। विशेष रूप से बदलते मौसम और संभावित जोखिमों को देखते हुए किसानों को समय पर बीमा कराने के लिए लगातार प्रेरित किया गया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसलों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच है, जो उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में राहत प्रदान करती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में किसानों का बीमा कराना प्रशासन, कृषि विभाग और किसानों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को न केवल आर्थिक संबल मिलता है, बल्कि वे भविष्य की अनिश्चितताओं के प्रति भी अधिक आत्मनिर्भर बनते हैं। खरीफ 2026 में धमतरी जिले में बढ़ी हुई बीमा कवरेज इस बात का संकेत है कि किसान अब सुरक्षित और योजनाबद्ध कृषि की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह उपलब्धि सुरक्षित कृषि, सशक्त किसान और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में जिले की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ग्राम पंचायत खट्टा अंतर्गत क्षतिग्रस्त पुल एवं सड़क का तत्काल अस्थायी मरम्मत

Fri Aug 21 , 2026
बारिश के बीच ग्रामीणों को मिली राहत सीएम हेल्पलाइन से कार्रवाई महासमुंद 21 अगस्त 2026/ महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत खट्टा अंतर्गत क्षतिग्रस्त पुल एवं सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों द्वारा की गई मांग पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के […]

You May Like

advertisement