गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की पहुंच और विकास कार्यों की परखी जमीनी हकीकत
बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

बलरामपुर, 19 जून 2026/ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर लगातार दौरा कर रही है। इसी कड़ी में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगई, ताम्बेश्वरनगर एवं मितगई का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान श्रीमती तोमर ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना , प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय विद्यालयों, सीसीटी कार्यों सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में शिथिलता स्वीकार नहीं किया जाएगा साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण आहार वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी इसके नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
मनरेगा एवं सीसीटी कार्यों के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने कार्यस्थलों पर पहुंचकर तकनीकी मानकों, गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी कर प्रगति लायें। इस दौरान उन्होंने एनआरएलएम अंतर्गत स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे आजीविका गतिविधियों का अवलोकन कर कार्यों की सराहना की और आय वृद्धि के लिए आवश्यक सुझाव भी दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने जन चौपाल लगाकर हितग्राहियों से चर्चा की और समय से पूर्ण करने प्रोत्साहित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मॉनिटरिंग करते हुए आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
इस दौरान सीईओ श्रीमती तोमर ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता जनहित और सुशासन है, जिसे हर स्तर पर सुनिश्चित करें। तत्पश्चात उन्होंने विकासखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जनपद सीईओ श्री रणवीर साय, आवास समन्वयक श्री अमिताभ चौबे, मनरेगा तकनीकी समन्वयक श्री अभिषेक मिश्रा, कार्यक्रम अधिकारी श्री अभिषेक द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।


