मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन मतदाता
एसआईआर के बाद जिले में 04 हजार 909 मतदाताओं की वृद्धि
अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में 05 लाख 40 हजार 273
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां वितरित


उत्तर बस्तर कांकेर, 21 फरवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार कांकेर जिले में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया गया। राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए और चार महीने तक लगातार चले एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के विभिन्न चरणों के प्रभावी संचालन के बाद आज शनिवार को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार कांकेर जिले की कुल मतदाता 05 लाख 40 हजार 273 हो गई है। एसआईआर पश्चात 04 हजार 909 मतदाताओं की वृद्धि हुई हैं। मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने या मतदाता सूची से अपना नाम हटवाने से संबंधित दावे और आपत्तियां 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी .2026 के बीच प्रस्तुत किए गए थे। प्राप्त दावे, आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनधिनियों की आज बैठक लेकर विधानसभावार अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 68 हजार 225 मतदाता, भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र 01 लाख 96 हजार 151 मतदाता और कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 75 हजार 897 मतदाता हैं, इस प्रकार जिले के कुल मतदाता 05 लाख 40 हजार 273 है। एसआईआर के दौरान अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2808 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए तथा 1506 मदताओं के नाम काटे गए। इस प्रकार इस विधानसभा क्षेत्र में 1302 मतदाताओं की वृद्धि हुई, वही भानुप्रतापुर विधानसभा क्षेत्र में 2224 मतदाताओं के नाम जोड़े गए और 488 मतदाताओं के नाम काटे गए, इस प्रकार कुल 1736 मदताओं की वृद्धि हुई। कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 2048 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जोड़े गए और 177 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में काटे गए। इस प्रकार 1871 मतदाताओं की वृद्धि हुई। इस प्रकार कांकेर जिले में 7080 मतदाताओं के नाम जोड़े तथा 2171 के नाम काटे गए। इस प्रकार जिले में कुल 4909 मतदाताओं की वृद्धि हुई। बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कलेक्टर द्वारा मतदाता सूची के प्रतियां भी प्रदाय की गई। उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरकर उसके साथ घोषणा पत्र और आवश्यक सहायक दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए उन्होंने यह भी बताया कि 01 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरा कर चुके युवा भी प्रपत्र संख्या-6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। जिले के नागरिक समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार प्रपत्र 6, 7 और 8 भी भर सकेंगे। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बताया कि एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र-6 में प्राप्त किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को सफल बनाने में सहयोग के लिए जिले के सभी नागरिकोंं और राजनीति दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है, साथ ही निर्वाचन प्रणाली के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को बधाई दी है। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री यासिन करानी एवं उदय प्रकाश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी से श्री प्रदीप जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी से श्री अमोल बेदरकर एवं तिलक मरकाम तथा आम आदमी पार्टी से अर्जुन सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुर्रे तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।




