Uncategorized

फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा पुराने व क्षतिग्रस्त तिरंगे रीसाइक्लिंग के लिए अटल सेंटर को सौंपे

सांसद नवीन जिन्दल द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में चलाया जा रहा है पुराने व क्षतिग्रस्त तिरंगों को एकत्रित करने का अभियान।

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 28 मार्च : सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूक किया जा रहा है, इसके साथ ही पुराने व क्षतिग्रस्त तिरंगों को एकत्रित कर पुनः नवीनीकरण के लिए एक नई पहल भी आरंभ की गई है। इस अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी तिरंगों का संग्रह किया जा रहा है।
इन एकत्रित तिरंगों को अटल सेंटर ऑफ टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग एंड सस्टेनेबिलिटी, पानीपत को विधिसम्मत पुनः नवीनीकरण (रीसाइक्लिंग) के लिए सौंपा गया है। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए उसके सम्मानजनक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी, मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में जब तिरंगा क्षतिग्रस्त या अनुपयोगी हो जाता है, तो उसका सम्मानपूर्वक निस्तारण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने इस अभियान में सहयोग करने के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल एवं उनकी टीम, जेएमआईईटीआई रादौर के निदेशक डॉ. विवेक शर्मा और समाजसेवी कपिल मित्तल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की यह पहल न केवल तिरंगे के सम्मान को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी एक सकारात्मक प्रयास है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि तिरंगे का उपयोग और उसका निस्तारण दोनों ही मर्यादा और नियमों के अनुसार होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल ने आम जनमानस को तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी है। उनके मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 के तहत पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन के बीच तिरंगे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस पहल के माध्यम से सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य तिरंगे के बारे में जागरूकता, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाना है, ताकि हर नागरिक राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel