
राम मंदिर दान घोटाला: ट्रस्टियों पर भड़के पूर्व सांसद विनय कटियार, कहा- ‘चोरों को भेजो जेल’
अयोध्या। राम मंदिर में कथित दान घोटाले को लेकर राम जन्मभूमि आंदोलन के फायरब्रांड नेता और पूर्व सांसद विनय कटियार ने अपनी ही सरकार और ट्रस्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के कुछ सदस्यों पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए तीखी नाराजगी जाहिर की है।
सोमवार (15 जून) को अपने अयोध्या आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनय कटियार ने दोटूक कहा, “अगर राम जन्मभूमि के ट्रस्टी ही चोरी करने लगेंगे, तो भव्य मंदिर का निर्माण कैसे पूरा होगा?”
एसएसपी और डीआईजी से करेंगे मुलाकात
विनय कटियार ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि वह इस विषय में जल्द ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों (एसएसपी और डीआईजी) से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मांग की है कि इस घोटाले में शामिल लोगों को तुरंत चिन्हित कर पकड़ा जाए और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।
’बलिदान से बना है मंदिर, भ्रष्टाचारियों की हो छुट्टी’
पूर्व सांसद ने राम मंदिर आंदोलन के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि आज जिस मंदिर का निर्माण हो रहा है, उसके पीछे लाखों लोगों का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने कहा:
”इस मंदिर के लिए लोगों ने अपनी कुर्बानियां दी हैं, लोग जेल गए हैं। श्रद्धेय कल्याण सिंह जी ने मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद को दांव पर लगाकर इस्तीफा दे दिया था। इतने बड़े संघर्ष के बाद मंदिर का निर्माण शुरू हो पाया है। ऐसे में भ्रष्टाचार करने वाले इन सभी लोगों की ट्रस्ट से तुरंत छुट्टी होनी चाहिए।”
विनय कटियार ने साफ किया कि मंदिर की पवित्रता और जनभावनाओं की रक्षा के लिए वह खुद आगे आएंगे और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएंगे। इस बयान के बाद अयोध्या से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट: पंकज पाठक, अयोध्या।


