
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक। सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
कुरुक्षेत्र, 6 जुलाई :
भारत विकास परिषद्, मैत्रेयी शाखा तथा महिला अध्ययन एवं शोध संस्थान एवं शोध संस्थान, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आज बाहरी मोहल्ला, कुरुक्षेत्र स्थित सामुदायिक केन्द्र में महिलाओं एवं किशोरियों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें विभिन्न रोगों की समय रहते पहचान एवं बचाव के उपायों से अवगत कराना तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में लगभग 50 महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें कन्या विद्यालय, बाहरी मोहल्ला की छात्राएँ भी शामिल थीं। शिविर के दौरान मधुमेह (शुगर), रक्तचाप, अस्थि घनत्व (Bone Density), श्वास रोग, न्यूरो रोग तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जाँचें की गईं। साथ ही महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
यह स्वास्थ्य शिविर डॉ. आशीष अनेजा, मेडिकल ऑफिसर, हेल्थ सेंटर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र एवं उनकी विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा अत्यंत कुशलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। चिकित्सकों ने उपस्थित महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद्, मैत्रेयी शाखा की अध्यक्षा डॉ. ममता सचदेवा ने चिकित्सक दल का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना समय की आवश्यकता है तथा भारत विकास परिषद्, मैत्रेयी शाखा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करती रहेगी।
महिला अध्ययन एवं शोध संस्थान की निदेशिका डॉ. वनीता ढींगरा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को महिला स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मैत्रेयी शाखा की सचिव डॉ. नीलम ढांडा ने भारत विकास परिषद् एवं मैत्रेयी शाखा का परिचय देते हुए शाखा द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे विविध सेवा कार्यों की जानकारी दी तथा समाज के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन सेवा गतिविधि संयोजिका डॉ. अनीता भटनागर ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगी सदस्यों तथा उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता से ही सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराने आई सभी महिलाओं एवं बालिकाओं को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर कन्या विद्यालय, बाहरी मोहल्ला की प्रधानाचार्या सुश्री नीतिका भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त डॉ. सुनीता सिरोहा, डॉ. कृष्णा देवी, डॉ. वंदना सहित मैत्रेयी शाखा की अन्य सदस्याएँ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
उपस्थित महिलाओं ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया। सभी के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से यह स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कुल मिलाकर कार्यक्रम पूर्णतः सफल रहा।


