पुलिस की गोली से गैंगेस्टर बदमाश घायल
पूर्वांचल ब्यूरो
जंगीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में आमने सामने गोलियां चली। पुलिस की गोली से गैंगेस्टर बदमाश घायल हो गया। इसके बाद दौड़ाकर पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से बाइक और असलहे भी बरामद हुए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे और एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई जानी।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि जनपद में सघन चेकिंग का अभियान रात 11 बजे से 2 बजे तक चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना जांगीपुर पुलिस यादव मोड़ पर बैरिकेटिंग कर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान सामने से सफेद अपाचे से आ रहे दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया तो दोनों ने बाइक मोड़ते हुए पुलिस टीम पर फायर कर भागने लगे। एक गोली थानाध्यक्ष जांगीपुर के मोबाइल वाहन के दाहिने तरफ गेट में धस गई। तत्काल थानाध्यक्ष द्वारा उन व्यक्तियों का पीछा किया गया और कंट्रोल रूम को सूचना दी।कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही क्षेत्र में स्वाट टीम ने आलम पट्टी चौराहे की तरफ से जाकर बदमाशों की घेराबन्दी करने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम के जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा। एक अन्य साथी को मौके से भागते समय पुलिस टीम द्वारा बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।