
सेंट्रल डेस्क संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
चेयरमैन जितेंद्र एहलावत के निर्देशन में छात्रों के बौद्धिक विकास पर फोकस, कई शिक्षाविदों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न।
चंडीगढ़, 13 अप्रैल : देव गुरुकुल परिसर में अब जेनेसिस कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस अवसर को संस्थान व क्षेत्र के अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन शाहाबाद-साहा रोड पर स्थित देव गुरुकुल प्रबंधन समिति द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार अब देव गुरुकुल, जेनेसिस के माध्यम से निरंतर गतिशील रहेगा और यहां छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह निर्णय देव गुरुकुल प्रबंधन समिति के चेयरमैन विनोद गोयल, कृष्ण गोयल, विजय गोयल तथा निदेशक मैनपाल शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से लिया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेनेसिस के चेयरमैन जितेंद्र एहलावत उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जेनेसिस का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से भी जोड़ना है।
इस अवसर पर जेनेसिस के मैनेजिंग डायरेक्टर जितेंद्र अहलावत, जेनेसिस ग्रुप ऑफ स्कूल के कर्नल अरुण दत्ता, कर्नल अशोक मोर (पूर्व निदेशक, एमएनएसएस व पूर्व फैकल्टी आईआईटी कानपुर) तथा डॉ. नितेंद्र अहलावत (सीईओ, जेनेसिस ग्रुप ऑफ संस्थान) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्थान के इस नए कदम की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में जेनेसिस के विभिन्न शिक्षण केंद्र करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, शामली और मुरादाबाद में सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जहां हजारों छात्र-छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त करनाल में 28 एकड़ में फैला इंटरनेशनल स्कूल (बॉयज बोर्डिंग एवं डे-बोर्डिंग) तथा 13 एकड़ में जेनिसिस इंटरनेशनल स्कूल (गर्ल्स बोर्डिंग) संचालित हैं। वहीं सेक्टर-8 करनाल में ‘दी जेनिसिस स्कूल’ के माध्यम से सहशिक्षा प्रणाली के तहत आधुनिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। संस्थान की ओर से बताया गया कि जेनेसिस केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी कर रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना इसकी प्रमुख पहल है, जिसे समाज में सराहा जा रहा है।
पिछले 16 वर्षों में जेनेसिस ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में संस्थान से 500 से अधिक स्टाफ सदस्य जुड़े हुए हैं और 7000 से अधिक विद्यार्थी हरियाणा व उत्तर प्रदेश के विभिन्न केंद्रों में अध्ययनरत हैं। अंत में प्रबंधन समिति ने विश्वास जताया कि देव गुरुकुल में जेनेसिस कक्षाओं के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध होगी और वे भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
देव गुरुकुल में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रबंधन समिति।


