
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 94161 91877
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने जारी किया ओपन और फिजिकल काउंसलिंग का शेड्यूल, विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 22 से 30 जुलाई तक होगी प्रक्रिया।
पलवल,21 जुलाई : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक, बीवॉक, डीवॉक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ओपन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह दाखिला प्रक्रिया 22 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने यह घोषणा करते हुए कहा कि यह निर्णय अधिक से अधिक युवाओं को स्किल प्रोग्राम से जोड़ने के लिए लिया गया है। जो विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए, वह भी ओपन और फिजिकल कॉउंसलिंग के माध्यम से दाखिला ले पाएंगे। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वह स्किल प्रोग्राम दाखिला लेकर रोजगार के साथ जुड़ें।
अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय परिसर स्थित शारदा भवन, लाइब्रेरी के ग्राउंड फ्लोर पर प्रक्रिया होगी। बुधवार को को बी.वॉक मेकाट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, आरएसी, सोलर टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटीरियर डिजाइन, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट आदि की तथा डी.वॉक और डिप्लोमा प्रोग्राम्स तथा बी.कॉम (ऑनर्स) के लिए काउंसलिंग और ओपन काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा। बृहस्पतिवार को बी.एससी एग्रीकल्चर, क्लिनिकल साइकोलॉजी, बीएससी योग व स्पिरिचुअल साइंस, बीएफए, बीपीए (म्यूजिक), बीसीए, बीबीए और बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट जैसे बैचलर प्रोग्राम्स के लिए दूसरी काउंसलिंग सुबह नौ बजे से साढ़े बजे तक तथा प्रथम ओपन काउंसलिंग दोपहर साढ़े 12 बजे से डेढ़ बजे तक आयोजित होगी। बैचलर प्रोग्राम्स की द्वितीय ओपन काउंसलिंग 28 जुलाई को होगी। इसके अतिरिक्त, लेटरल एंट्री बीवॉक, डीवॉक और डिप्लोमा के लिए प्रथम काउंसलिंग 27 जुलाई, द्वितीय काउंसलिंग 29 जुलाई सुबह नौ बजे से साढ़े 12 बजे और प्रथम ओपन काउंसलिंग उसी दिन दोपहर साढ़े 12 से डेढ़ बजे और द्वितीय ओपन काउंसलिंग 30 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है।
दाखिला निदेशक एवं डीन प्रोफेसर ज्योति राणा ने बताया कि दूसरी व तीसरी ओपन काउंसलिंग में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में फॉर्म भरने के लिए सुबह 9 से 10 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा। साथ ही, द्वितीय ओपन काउंसलिंग के दौरान रिक्त सीटों का आवंटन बिना किसी आरक्षण के सभी आरक्षित श्रेणियों का विलय करके किया जाएगा। फिजिकल काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ विश्वविद्यालय ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक की मार्कशीट, यदि आवश्यक है तो आरक्षण श्रेणी प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय व संपत्ति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड की प्रति और चार नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह दाखिला लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए सुनहरा मौका है।


