
स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, रखरखाव के साथ नए कनेक्शन देने और बिल भुगतान तक के कार्य पंचायतें करेंगी।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 31 मई : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को एक नई दिशा मिलने जा रही है। अब जिला प्रशासन के साथ मिलकर गांव की पंचायत क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता को लेकर काम करेगी। इसके लिए ग्राम स्तर पर एक कमेटी का गठन किया जाएगा और यह कमेटी पेयजल आपूर्ति से लेकर उसके रखरखाव, नए कनेक्शन देने और बिल भुगतान तक के कार्य को देखेगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने सराहनीय पहल की है। अब ग्रामीण स्तर पर एक कमेटी पेयजल आपूर्ति के मामलों को संभालेगी। इस कमेटी में विकास एवं पंचायत विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के साथ-साथ ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, युवा, स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल से जुड़े सदस्यों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने के साथ ही आने वाली समस्याओं या खराबियों को भी यह कमेटी अपने स्तर पर निवारण करवा सकेगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने इस संबंध में ग्राम पंचायतों को विस्तार से जानकारी देने के साथ सभी कार्य करने को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए हुए हैं।


