
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : मानव सेवा क्लब की एक सभा शुक्रवार को क्लब के कहरवान स्थित कार्यालय सभागार में हुई। जिसकी अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने करते हुए बताया कि हिंदी पत्रकारिता के शनिवार को 200 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस वर्ष पत्रकारिता दिवस को क्लब और भारतीय पत्रकारिता संस्थान बहुत ही भव्य रूप में मना रहा है। शनिवार को रोटरी भवन में होने वाले समारोह में पत्रकारिता के 200 वर्षों के दस्तावेज से भरपूर विविध संवाद पत्रिका के पत्रकारिता विशेषांक का विमोचन होगा। लखनऊ, गोंडा और मेरठ से आने वाले वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जी.सी.श्रीवास्तव, डॉ.अतुल मोहन सिंह और अनुपम चौहान के व्याख्यान होंगे और उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रसिद्ध कवयित्री डॉ.शालिनी शर्मा मुक्ता को रुचि मलिक सम्मान तथा अंजू शर्मा को शांति स्मृति सम्मान दिया जाएगा। इनके अतिरिक्त कई स्थानीय पत्रकारों का भी सम्मान होगा। श्री सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम शनिवार को सायं 6 बजे से रोटरी भवन में होगा। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। सभा में प्रमुख रूप से कार्यवाहक महासचिव मुकेश कुमार सक्सेना,वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र सक्सेना,संयोजक निर्भय सक्सेना,नरेश मलिक,इं. डी.डी.शर्मा ,इन्द्र देव त्रिवेदी,शकुन सक्सेना, रश्मि, शशि,अरुणा, प्रकाश सक्सेना, प्रीति सक्सेना आदि लोग उपस्थित रहे।


