
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 9416191877
कुरुक्षेत्र, 25 जुलाई : भारतीय डाक सेवा (आईपीओएस) की 1999 बैच की वरिष्ठ अधिकारी मनीषा बंसल बादल ने 16 जुलाई 2026 को हरियाणा सर्कल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के साथ ही उन्होंने हरियाणा परिमंडल के सभी 11 डाक मंडलों के कार्यों की समीक्षा कर प्रत्येक क्षेत्र में कार्यक्षमता बढ़ाने और सेवाओं के विस्तार के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मनीषा बंसल बादल का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सफर अत्यंत उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने एमसीएम डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ से कला स्नातक (ऑनर्स) तथा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक दोनों परीक्षाएं स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने केएमवी, जालंधर तथा डीएवी कॉलेज, बठिंडा में अंग्रेजी साहित्य का अध्यापन किया। वर्ष 1999 में उन्होंने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय डाक सेवा में प्रवेश किया। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में दिव्यांग-अनुकूल अधोसंरचना विकसित करने संबंधी उनकी परियोजना को ‘सर्वोत्तम परियोजना पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2001 में करनाल में प्रवर अधीक्षक डाकघर के रूप में पहली नियुक्ति के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों तक बचत बैंक और ग्रामीण डाक जीवन बीमा सेवाएं पहुंचाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई तथा वित्तीय समावेशन में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘आदर्श नागरिक अवॉर्ड’ प्राप्त किया। वर्ष 2007 से 2014 तक हरियाणा में निदेशक डाक सेवाएं रहते हुए उन्होंने प्रदेश के सभी डाकघरों के कंप्यूटरीकरण और आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में पंजाब में निदेशक डाक सेवाएं तथा दिसंबर 2019 से पंजाब पश्चिमी क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल के रूप में कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय डाक राजस्व और आधार आधारित सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की।
जुलाई 2024 से जुलाई 2026 तक नई दिल्ली स्थित डाक भवन में महाप्रबंधक (नागरिक केंद्रित सेवाएं एवं ग्रामीण व्यवसाय) के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पहल कीं। इस दौरान पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई), बीएसएनएल, भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) तथा भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) सहित अनेक संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापनों के माध्यम से डाक विभाग की सेवाओं का व्यापक विस्तार किया। उनके नेतृत्व में नागरिक-केंद्रित सेवाओं से डाक विभाग के राजस्व में वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच 162 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल के रूप में हरियाणा में उनकी नियुक्ति से डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और नागरिक-केंद्रित योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मनीषा बंसल बादल।


