हरियाणा-सस्केचेवान करेंगे संसदीय परंपराओं को सांझा

हरियाणा-सस्केचेवान करेंगे संसदीय परंपराओं को सांझा।

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

लेजिस्लेटिव एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत चंडीगढ़ आ रहा शिष्टमंडल।
विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के हैलिफ़ैक्स दौरे के दौरान तैयार हुई थी पृष्ठभूमि।

चंडीगढ़, 8 अप्रैल :
हरियाणा विधान सभा और कनाडा के प्रांत सस्केचेवान की विधान सभा एक-दूसरे के साथ विधायी अनुभवों, लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित विरासत और संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी सांझा करेंगी। इसके लिए सस्केचेवान विधान सभा का एक उच्च- स्तरीय प्रतिनिधिमंडल रविवार से हरियाणा दौरे पर आ रहा है। 10 अप्रैल को हरियाणा विधान सभा की ओर से हरियाणा निवास में इस शिष्टमंडल का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दोनों राज्यों की समृद्ध संसदीय पद्धतियों और परम्पराओं की जानकारी का आदान प्रदान करने के लिए एक कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें दोनों राज्यों के शिष्टमंडल शामिल होंगे। बाद में सस्केचेवान विधान सभा का शिष्टमंडल हरियाणा विधान भवन समेत कैपिटल कॉम्पलैक्स का दौरा करेगा। हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर 3 स्थित हरियाणा एमएलए हॉस्टल में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी।
अगस्त 2022 में हैलिफ़ैक्स में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन के दौरान हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और सस्केचेवान के विधानसभा के अध्यक्ष रैंडी वीकस की मुलाकात हुई थी। तब दोनों नेताओं के बीच दोनों विधान मंडलों के बीच संबंध स्थापित करने के लिए चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद दोनों प्रदेशों के विधान मंडलों में संबंध सुदृढ़ हुए हैं। इस मुलाकात के बाद ही दोनों प्रदेशों में संसदीय कामकाज के तौर तरीके और अपने-अपने प्रदेशों में हो रहे अभिनव प्रयोगों की जानकारी सांझा करना तय हुआ था। दोनों के बीच ‘हरियाणा- सस्केचेवान लेजिस्लेटिव एक्सचेंज’ कार्यक्रम तय हुआ। अब इसी कार्यक्रम के तहत 9 से 14 अप्रैल तक सस्केचेवान शिष्टमंडल हरियाणा का दौरा कर रहा है।
सस्केचेवान के शिष्टमंडल में संसदीय मामलों के जानकार तथा पारस्परिक हित, कृषि, निर्माण, शिक्षा और व्यापार इत्यादि की जानकारी रखने वाले विशिष्ट व्यक्ति शामिल रहेंगे। इनमें प्रमुख रूप से सस्केचेवान विधान सभा के अध्यक्ष रैंडी वीक्स, विधान सभा के सदस्य वारेन केडिंग, विधान सभा के सदस्य नथानिएल टीड, अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के निदेशक स्कॉट हंटर, विधान सभा के क्लर्क आइरिस लैंग शामिल होंगे।
बता दें कि दोनों राज्यों में संघीय व्यवस्था के संवैधानिक ढांचे के भीतर एक सदनीय विधान मंडल हैं। इसलिए दोनों में काफी समानताएं भी और विविधाताएं भी हैं। 13 दिसंबर, 2022 को सस्केचेवान के विधानसभा के अध्यक्ष रैंडी वीकस ने हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को पत्र लिख कर कहा कि अगस्त 2022 में हैलिफ़ैक्स में बातचीत का जो सिलसिला शुरू हुआ है, उसे हमने निरंतर जारी रखना चाहिए। उन्होंने विधायी अनुभवों और संसदीय जानकारी का आदान-प्रदान व्यापक रूप से करने की इच्छा जताई। उन्होंने लिखा कि दोनों राज्यों के बीच परस्पर समझ और सहयोग पर आधारित सफल साझेदारी वाली दोस्ती आवश्यक है। कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन का उद्देश्य भी इस प्रकार की बातचीत को सुगम बनाना है। हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने उनके आग्रह को मानते हुए सस्केचेवान के शिष्टमंडल का हरियाणा दौरा स्वीकार किया।
गौरतलब है कि सस्केचेवान का हरियाणा के लिए विशेष महत्व है। सस्केचेवान के पास कृषि, पोटाश, यूरेनियम, तेल और अन्य महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों का खजाना है। सस्केचेवान ने फसल विज्ञान, कृषि उपकरण और नवीकरणीय ऊर्जा में तकनीकी प्रथम स्थान हासिल किया है। इस प्रांत ने पिछले एक दशक में रोजगार, निवेश और निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि की है। सस्केचेवान प्रांत भोजन सामग्री की आपूर्ति और उच्च गुणवत्ता वाली कृषि तकनीक के लिए विश्व प्रसिद्ध है। सस्केचेवान कृषि और संसाधन आधारित बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसने भारत में एक व्यापार कार्यालय स्थापित किया है, जो हरियाणा राज्य के साथ वाणिज्यिक और राजनयिक संबंधों के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। अनेक समानताओं के बावजूद भूगोल, संस्कृति और राष्ट्रीय हित के अंतर हैं, जो द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मुद्दों को प्रभावित करते हैं। इस दौरे के दौरान दोनों प्रदेशों के आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी पर भी मंथन होगा। यह भी चर्चा होगी कि सस्केचेवान और हरियाणा दोनों की सामाजिक व आर्थिक समृद्धि के लिए किन-किन क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाया जा सकता है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 3 स्थित हरियाणा एमएलए हॉस्टल में शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और अधिकारी।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केयू कर्मचारी हरिकेश पपोसा को दिया ईनाम

Sat Apr 8 , 2023
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केयू कर्मचारी हरिकेश पपोसा को दिया ईनाम। हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।दूरभाष – 9416191877 केयू के हरिकेश पपोसा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बांधी पगड़ी। कुरुक्षेत्र, 08 अप्रैल : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत हरिकेश पपोसा ने शुक्रवार को हयात […]

You May Like

Breaking News

advertisement