
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिलाधिकारी अविनाश सिंह, बरेली के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन में सावन माह के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर UPHC सीबीगंज द्वारा शिव मंदिर, सीबीगंज में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर MOIC डॉ. मधु गुप्ता के निर्देशन में UPHC सीबीगंज की स्वास्थ्य टीम ने श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं राहगीरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, प्राथमिक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य शिविर में हिरदेश, मनमोहन, शाहिद एवं अनुराग सहित UPHC की टीम ने पूरी तत्परता एवं सेवाभाव से अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
श्रद्धालुओं के लिए फल, जूस एवं पेयजल की सेवा
शिव मंदिर परिसर में पार्षद रचित गुप्ता द्वारा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के लिए फल, जूस/कोल्ड ड्रिंक एवं पेयजल की व्यवस्था कर सेवा की गई।
इसके अतिरिक्त सीबीगंज थाने के सामने सौरभ गुप्ता एवं गौरव गुप्ता द्वारा हलवे के प्रसाद का वितरण एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्षद रचित गुप्ता, MOIC डॉ. मधु गुप्ता तथा सुनील गुप्ता उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सहभागिता की।
बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रसाद का लाभ लिया। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सहयोग और आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला। “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सावन के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण रहा।


