मैना टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में रंगों और सौहार्द के साथ होली मिलन समारोह आयोजित

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक
ब्यूरो चीफ – परवीन कुमार।
रोहतक,पलवल 1 मार्च : सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सोनी द्वारा मैना टूरिस्ट काम्प्लेक्स में रंगों और फूलों से सजा होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों तथा मैना टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के स्टाफ ने भाग लिया और आपसी सौहार्द के वातावरण में होली का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर मीडिया मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्टस के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए संजय राठी ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का पर्व है, जो शीत ऋतु के समापन और नए उत्साह व सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
संजय राठी ने राज्य में पर्यटन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन संस्थान प्रेम, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य कर राज्य की संस्कृति, रोजगार और आर्थिक विकास को गति देते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाएँ।
कार्यक्रम के आयोजक सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सोनी ने समारोह में उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद किया और कहा कि मीडिया समाज को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों एवं प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।




