एनएसएस शिविर में दी विधिक सहायता की महत्वपूर्ण जानकारी

कुरुक्षेत्र, (प्रमोद कौशिक) 10 फरवरी : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र के नरकातारी गांव में 7 दिवसीय एनएसएस शिविर के 5वें दिन के शिविर का शुभारंभ करते हुए विधि विभाग की शिक्षिका डॉ. प्रोमिला मेहरा ने विद्यार्थियों को विधिक सहायता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम की प्रमुख धाराओं को सरल शब्दों में समझाते हुए महिलाओं के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा उपलब्ध कानूनी उपायों पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त उन्होंने महिलाओं से संबंधित कानूनों, वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े कानूनों तथा समाज में इनके प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और कानून से जुड़े प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस इकाई की ओर से डॉ. प्रोमिला मेहरा का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। वहीं केयू छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए. आर. चौधरी का भी निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद प्रकट किया गया।




