रस्सा-कस्सी में छात्राओं ने मारी बाजी, वॉलीबॉल में 2022-23 बेच रहा विजेता

श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 30 अगस्त : श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एनएसएस यूनिट द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं में रस्सा-कस्सी और वॉलीबॉल के मैच कराए गए, जिनमें छात्र- छात्राओं ने टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में लड़कियों की श्रेणी में बीएएमएस सत्र 2024-25 की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाज़ी मारी, जबकि पुरुष वर्ग में बीएएमएस सत्र 2023-24 के छात्रों ने जीत हासिल की। वहीं, वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बीएएमएस सत्र 2022-23 के छात्र विजयी रहे। इससे पहले आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य आशीष मेहता ने टॉस उछालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवा वर्ग का मोबाइल और सोशल मीडिया की ओर अत्यधिक झुकाव चिंता का विषय है। उन्होंने अपील की कि छात्र स्मार्टफोन का कम से कम उपयोग करें और योग व खेलकूद जैसी गतिविधियों में अधिक से अधिक रूचि दिखाएं, क्योंकि यही स्वस्थ और सफल जीवन की असली कुंजी है। प्राचार्य ने कहा कि खेलकूद से न केवल शरीर तंदुरुस्त रहता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना भी विकसित होती है। योग और व्यायाम से मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा पढ़ाई के साथ संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। एनएसएस के नोडल अधिकारी प्रो. पीसी मंगल, डॉ. सुरेंद्र सिंह सहरावत समेत अन्य शिक्षकों ने विजेता और प्रतिभागी टीमों को प्रोत्साहित किया।




