
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बरेली एवं एडीएम प्रशासन बरेली द्वारा आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से थाना फरीदपुर एवं थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्रांतर्गत कांवड़ यात्रा मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी करने, किसी भी आकस्मिक स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम बरेली, क्षेत्राधिकारी फरीदपुर, थाना प्रभारी फरीदपुर, थाना प्रभारी फतेहगंज पूर्वी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
बरेली पुलिस एवं प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


