
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, यूपीएचसी सी.बी.गंज में “संडेज़ ऑन साइकिल” अभियान उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। लगातार वर्षा के कारण बाहरी साइकिल रैली संभव न होने पर अभियान के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए इंडोर साइक्लिंग (पैडलिंग चैलेंज), योग, स्ट्रेचिंग एवं अन्य फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधु गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने, साइकिल चलाने के लाभ, स्वस्थ जीवनशैली तथा गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया। डॉ. मधु गुप्ता ने बताया कि मौसम चाहे जैसा भी हो, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित व्यायाम की आदत कभी नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर हिरदेश, मनमोहन, श्रवण, सरिता, सरस्वती, मनु, मोनू सहित यूपीएचसी स्टाफ एवं उपस्थित मरीजों ने उत्साहपूर्वक इंडोर पैडलिंग, योग एवं फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा “फिट इंडिया–स्वस्थ भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।


