
अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव के भव्य आयोजन की सभी तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई ।
अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव नवीन अवसर–नई दिशाएं कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट विभूतियां होंगी शामिल।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 3 जून : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव के भव्य आयोजन की समीक्षा बैठक के बाद जानकारी देते हुए नवीन जिन्दल फाउंडेशन के स्किल डेवलपमेंट विभाग के उपाध्यक्ष एवं प्रमुख डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा 4 जून को जिन्दल ग्लोबल सिटी, सेक्टर-29, कुरुक्षेत्र स्थित क्लब हाउस में आयोजित होने वाले “अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव -नवीन अवसर–नई दिशाएं” कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, अध्यात्म, राजनीति और कौशल विकास जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता होंगी, जबकि हरियाणा विधानसभा की सदस्य, पूर्व राज्यमंत्री एवं प्रसिद्ध समाजसेवी सावित्री जिन्दल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, सरदार जगविन्द्र सिंह विर्क विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल करेंगे, जिन्होंने युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और अंतर्राष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से इस अभिनव पहल की शुरुआत की है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आध्यात्मिक जगत की विभूतियां परम पूज्य ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज, अध्यक्ष, सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम गर्ल्स कॉलेज तथा परम पूज्य डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरि जी महाराज, निरंजनी अखाड़ा भी अपने आशीर्वचन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं अंतर्राष्ट्रीय रोजगार के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर युवाओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय रोजगार, विदेशों में कौशल आधारित प्रशिक्षण, फिनलैंड एवं जर्मनी में रोजगार के अवसर, एनआईईएलआईटी मान्यता, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न रोजगारोन्मुखी पहलों की जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि युवाओं को देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार और कौशल विकास के नए अवसरों का लाभ मिल सके।
अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में सलाहकार एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कर्नल अरुण कुमार चंदेल, सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस, अभिषेक सहगल, अमित रांगटा, तान्या काला, भूषण मंगला, डॉ. राज कुमार, और नवीन जिन्दल फाउंडेशन टीम के सदस्य उपस्थित रहे।


