
ग्रहदोष के नाम पर महिलाओं से आभूषण ठगने वाले गिरोह का दूसरा सदस्य पुलिस हत्थे चढ़ा
आज़मगढ़। कोतवाली पुलिस ने ग्रहदोष दूर करने और पूजा-पाठ का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय मय टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को रोडवेज बस अड्डे से अभियुक्त हुसैनू पुत्र नजरूद्दीन निवासी गदरपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखण्ड को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से ₹400 नकदी, आभूषण साफ करने का केमिकल और 10 रंगीन नग बरामद हुए।
कैसे करते थे ठगी
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह सैफ अली खाँ, इमरान और पहले गिरफ्तार लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर गिरोह चलाता है। ये लोग अलग-अलग राज्यों में जाकर अधेड़ और वृद्ध महिलाओं को ग्रहदोष, धर्म-कर्म का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे। फिर पूजा के नाम पर उनके सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 6 और 7 फरवरी 2026 को गिरोह के चारों सदस्य आजमगढ़ आए थे। 6 फरवरी को बेलइसा सब्जी मंडी और 7 फरवरी को लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास दो महिलाओं से ठगी की। आभूषण बेचकर मिले पैसों को चारों ने आपस में बांट लिया। उसके हिस्से करीब ₹35,000 आए थे।
पहले हुआ था खुलासा
7 फरवरी को वादिनी आशा पत्नी रामप्रवेश निवासी छतौरा, हाल पता काली चौरा ने शंकर तिराहा सिधारी के पास ग्रैंड एसआर होटल के सामने ठगी की तहरीर दी थी। इसी मामले में पहले लईक उर्फ लकी गिरफ्तार किया जा चुका है।
आपराधिक इतिहास
हुसैनू के खिलाफ आजमगढ़, सोनभद्र में ठगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के 5 मुकदमे दर्ज हैं।


